लुधियाना। श्री गुरु नानक देव जी और उनके पिता के बारे में अशब्द बोलने के आरोपी अनिल अरोड़ा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर समराला चौक में धरने पर दरी के ऊपर जूता जाने पर भड़के दो प्रदर्शनकारियों ने पंजाब माता नगर के भवनदीप सिंह पर कातिलाना हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गया।
सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर की पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने घायल भवनदीप को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुुई है। पुलिस ने भवनदीप की शिकायत पर 33 फुटा रोड निवासी दमनदीप सिंह और शिवदीप सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एएसआई सुलखन सिंह ने बताया कि अपने बयान में भवनदीप ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रति अपशब्द बोलने के आरोपी अनिल अरोड़ा की गिरफ्तारी के लिए 30 अक्तूबर के दिन समराला चौक में धरना दिया जा रहा था। वह भी उसमें शामिल होने के लिए गया था। जब वो वहां से वापस निकलने लगा तो गलती से उसका जूता दरी के ऊपर पड़ गया। इसी बात को लेकर आरोपियों से उसकी बहस हो गई। उसने वहां अपना खेद भी जता दिया था, लेकिन आरोपी धमकियां देने लगे। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने हाथ में पकड़ खंडा उसके सिर में दे मारा। इससे वह लहूलुहान हो गया। उसके बाद आरोपी धमकियां देते हुए वहां से फरार हो गए। सुलखन सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।