लुधियाना। शिमलापुरी के गोबिंद नगर इलाके में एक बहू ने पड़ोसी के साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी कर डाली। वह घर से पचास हजार नकदी के साथ लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गई। घटना का पता चलते ही परिवार वालों ने इसकी शिकायत पुलिस में दी।
पुलिस ने 16 दिन की जांच के बाद परिवारवालों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने विवाहिता के ससुर कमल कृष्ण की शिकायत पर उनकी बहू ज्योति शर्मा और पड़ोसी युवराज के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि ज्योति शर्मा की उसके पड़ोस में रहने वाले युवराज के साथ दोस्ती हो गई थी। घरवालों को इसकी कानों कान खबर नहीं लगी। इसके बाद बहू मौका पाकर नकदी और गहने लेकर युवराज के साथ भाग गई। कमल कृष्ण की शिकायत के मुताबिक 6 जुलाई की शाम 5 बजे वह घर में थे। तभी उन्हें पता चला कि उनकी बहू ज्योति शर्मा घर से 55 हजार रुपये नकदी, सोने का सेट तथा सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गई है। उन्हें पता चला कि वह पड़ोस में रहने वाले युवराज नाम के युवक के साथ गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का सुराग लगाने के लिए दोनों के मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगाए गए हैं। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।