पंजाब के लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर में एक नौकर ने अपने चार साथियों के साथ मिल कर अपने मालिक के माता पिता को बंधक बना कर घर से दस लाख की नगदी और तीस लाख रुपये के सोने के जेवर चुरा लिए। आरोपी नौकर को 15 दिन पहले ही काम पर रखा गया था।
घटना का पता उस समय जब घर मालिक विनीत गोयल शादी समारोह से घर लौटे। विनीत ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंची और विनीत गोयल की शिकायत पर अमर, हरि समेत तीन अन्य के खिलाफ चोरी और लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।
विनीत गोयल के अनुसार उनकी कंगनवाल रोड पर फोजिंग फैक्टरी है। उन्होंने 15 दिन पहले अमर नामक नेपाली को नौकरी पर रखा था। तीन मार्च की रात करीब 9 बजे वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ शादी में शरीक होने के लिए पक्खोवाल रोड स्थित एक मैरिज पैलेस में गए थे। घर में उनके पिता केवल कृष्ण और माता पुष्पा गोयल ही थीं। करीब साढे़ 11 बजे उनके पड़ोसी सेखों ने फोन पर बताया कि उनके घर में चोरी हो गई है।
वह घर पहुंचे तो उनके माता पिता ने बताया कि उनका नौकर अमर कोठी नंबर 2 में करने वाले अपने साथी हरी और तीन अन्य साथियों के साथ आया। आते ही सबने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस कर उन्हें बंधक बना दिया और पुष्पा की सोने की चूड़ियां उतार लीं।
उसके बाद घर में पडे़ इलेक्ट्रोनिक लॉकर में से 10 लाख रुपये की नगदी और 30 लाख के जेवर चोरी कर लिए। चोर कीमती घड़ियां और अन्य सामान भी चोरी कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस को नौकर की फोटो दे दी गई है। घर में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। पुलिस का कहना था कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।