गांव पंडोरी में शनिवार दोपहर एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पहचान जगजीत सिंह के तौर पर हुई है। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि वह घरेलू क्लेश और ससुराल परिवार से परेशान था और उसके मरने के बाद उसके ससुराल परिवार को उसका चेहरा भी न देखने दिया जाए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना दाखा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी हरमेश कुमार ने कहा कि मृतक के पिता मलकीत सिंह का कहना हे कि उनके बेटे जगजीत की छह साल पहले गांव चक्कर की लड़की के साथ शादी हुई थी। वह पहले दुबई में काम करता था। पांच माह पहले ही वापस आया था और यहां कारपेंटर का काम करने लगा था, लेकिन पत्नी और ससुरालियों के क्लेश के कारण दुखी रहता था।
कुछ दिन पहले ही उसकी पत्नी विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई थी। शनिवार दोपहर वह जब घर पहुंचे तो देखा कि बेटे का शव गार्डर से लटक रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।