घासीकटरा में शुक्रवार की शाम बंटवारे के विवाद में बहू ने बेटी के साथ मिलकर सास की पिटाई कर दी। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बड़े बेटे ने मां को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
तिवारीपुर के घासीकटरा कच्ची बाग की रहने वाली सईदा बेगम (75) के चार बेटे हैं। संपत्ति बंटवारे को लेकर दूसरे नंबर के बेटे की पत्नी आफरीन, पौत्री फरीन से शुक्रवार की शाम उनका विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मां-बेटी ने लोहे की राड से सईदा बेगम के सिर पर वार कर दिया। गंभीर हालत में बड़े बेटे मिनहाज ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था जहां उनकी मौत हो गई।
शनिवार दोपहर मिनहाज ने छोटे भाई की पत्नी आफरीन और उसकी बेटी फरीन पर हत्या का आरोप लगाते हुए तिवारीपुर थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर तिवारीपुर वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर देर शाम दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आफरीन अपनी सास पर अपने हिस्से की जमीन बेचने का दबाव बना रही थीं। मना करने पर राड से हमला कर घायल कर दिया था।