लुधियाना के राम नगर इलाके में देह व्यापार के अड्डे का पर्दाफाश करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने देह व्यापार के अड्डे पर दबिश देकर अड्डे की संचालिका व तीन अन्य महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एक व्यक्ति फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक यहां दो हजार रुपये में किराए पर कमरा देकर देह व्यापार का धंधा चल रहा था।
मौके से पुलिस ने देह व्यापार से कमाई गई 15 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। सभी के खिलाफ इमोरल ट्रैफिक एक्ट के तहत केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। एसआई मनजिंदर कौर ने बताया कि पुलिस को रविवार को सूचना मिली थी कि अंकुश वर्मा, अभिषेक जलोटा और एक महिला ने मिलकर गिरोह बनाया है। ये तीनों मिलकर महिला के घर में देह व्यापार का धंधा कर रहे हैं।
गलत काम के लिए दो हजार रुपये लेकर कमरा भी किराये पर देते हैं। सूचना के आधार पर की गई रेड के दौरान सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पकड़े गए आरोपियों को सोमवार अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन का रिमांड हासिल कर कड़ी पूछताछ की जा रही है।
एक दिन पहले पटियाला में पकड़ा था रैकेट
पंजाब में देह व्यापार के मामले बढ़ रहे हैं। रविवार को पटियाला पुलिस ने थाना लाहौरी गेट स्थित बस स्टैंड के पास बने होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया था। मामले में पुलिस ने पुलिस ने एक महिला व तीन लड़कियों सहित चार ग्राहकों को दबोचने में सफलता हासिल की थी।