लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित सिद्धार्थ रिजार्ट में सोमवार की देर रात को उस समय अफरा तफरी मच गई जब अकाली नेता के बेटे और भतीजे ने मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष पर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। इस गोलीबारी में बाबा थान सिंह नगर का रहने वाला मनप्रीत सिंह मनी घायल हो गया। जिसके पेट के पास गोली लगी है।
गोलियां चलाने के बाद आरोपी वहां साथियों सहित फरार हो गए। जिस समय अकाली नेता के बेटे ने गोलियां चलाई उस समय रिसेप्शन पार्टी में अकाली नेता खुद मौजूद था। उसने रोकने के बजाय बढ़ावा दिया। यह घटना अकाल मार्केट के प्रधान शहजाद के बेटे के रिसेप्शन में हुई।
इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी और थाना सदर की पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद कर लिए हैं। घायल को इलाज के लिए सीएमसी अस्पताल में दाखिल करा दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मनप्रीत सिंह मनी के भाई ने बताया कि वह देर रात एक रिसेप्शन पार्टी में गए थे।
पार्टी में सभी लोग खाना खा रहे थे तो उसी समय अकाली नेता के बेटे और भतीजे उसे और उसके साथियों को घूरने लगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव करवाकर मामला शांत करवा दिया। लेकिन जब वह बाहर निकलने लगे तो फिर से बहस हो गई। यहां बात हाथापाई तक पहुंच गई। वहीं एक युवक ने हवा में गोली चला दी। दूसरे पक्ष ने समझा कि गोलियां इधर से चली है। इसी दौरान अकाली नेता के बेटे और भतीजे ने सीधी गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस से की इंसाफ की मांग
मनप्रीत के भाई ने बताया कि अकाली नेता की पहुंच ऊपर तक है। जिसके कारण उन पर अभी से दबाव बनाया जा रहा है कि समझौता कर लिया जाए, पर वह समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ पुलिस दावा करती है कि लुधियाना में अमन कानून रहेगा पर कांग्रेस की सरकार में अकाली दल के नेता खुलेआम गोलियां चला रहे हैं। पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि उनकी सिर्फ एक मांग है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करे और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।