पंजाब के लुधियाना में नाबालिग के साथ उसके पड़ोसी ने पहले दोस्ती की और बाद में शादी का झांसा देकर उसे घर से घुमाने के बहाने अगवा कर ले गया। अज्ञात स्थान पर आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और उसे धमकी देकर घर छोड़ गया।
नाबालिग ने इसकी जानकारी परिवारवालों को दी और उसके बाद इसकी शिकायत थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस को दी। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने मेडिकल की प्रक्रिया शुरु कर दी है। शिकायत के अनुसार आरोपी उसके पड़ोस में रहता था। उसकी आरोपी के साथ दोस्ती हो गई और अक्सर दोनों एक दूसरे के साथ फोन पर बातें करते थे। आरोपी ने कुछ दिन पहले उससे शादी करने की बात कही, वह कोई जवाब नहीं दे पाई।
आरोपी उसे घुमाने का बहाना बना घर से अगवा कर फरार हो गया। अगवा करने के बाद उसे अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में धमकी दी कि वह किसी को इसके बारे में कुछ न बताए। पीड़िता ने घर के बाहर पहुंचने पर इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। फिर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जांच अधिकारी एएसआई राधेश्याम ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश में छापामारी शुरू कर दी गई है।