ढोलेवाल स्थित मिलिट्री कैंप के पीछे बसे मोहल्ला भगवान नगर में दिखे दो संदिग्ध युवकों का अभी तक कोई पता नहीं लगा है। पुलिस अभी इलाके में सर्च अभियान चला रही है। मिलिट्री कैंप के बाहर पुलिस विभाग की तरफ से सख्त नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस की एक टीम मिलिट्री कैंप के बाहर तैनात कर दी गई है। पुलिस कर्मचारी लाइट मोटर गन (एलएमजी) लेकर तैनात हैं। वहां से गुजरने वाले हर वाहन को अच्छे से चेक किया जा रहा है। पुलिस लगातार भगवान नगर इलाके में भी सर्च अभियान चला रही है।
रविवार सुबह पुलिस ने मिलिट्री कैंप के बाहर नाकाबंदी कर वहां एलएमजी लेकर मुलाजिम को तैनात कर दिया। पुलिस विभाग की तरफ से कैंप के पास बंकर भी बनाया गया है। इसके अलावा भगवान नगर इलाके में घुसने वाले हर व्यक्ति पर पुलिस की नजर है। कूड़े से लदी रेहड़ियों को भी अच्छे से चेक किया जा रहा है। थाना फोकल प्वाइंट के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरिंदर मोहन ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे में नजर आए दोनों युवकों के बारे में कुछ पता नहीं चला है। पुलिस सर्च अभियान चला रही है।
शुक्रवार देर रात भगवान नगर इलाके में रहने वाले पार्षद अर्जुन सिंह चीमा के घर में दो संदिग्ध घुस गए थे। दोनों संदिग्धों के कंधे पर बैग था और दोनों ने स्पोर्ट्स शूज और फौजी रंग के कपड़े पहन रखे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरा इलाका घेर लिया और सर्च अभियान चलाया।