समराला चौक स्थित गुरुद्वारा नानकसर साहिब के पास बम की सूचना ने पुलिस के होश उड़ा दिए। एक महिला ने दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर बम की सूचना दी। महिला ने सिर्फ इतनी बात कह कर ही फोन काट दिया। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने तुरंत लुधियाना पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने के बाद आला अधिकारियों के साथ-साथ कई थानों की पुलिस और बम निरोधक दस्ते के मुलाजिम समराला चौक पहुंचे। पूरे इलाके को घेरकर देर रात करीब साढ़े 11 बजे सर्च आपरेशन शुरू किया गया। सर्च सुबह चार बजे तक चली, लेकिन पुलिस को कोई बम नहीं मिला। जिस नंबर से दिल्ली पुलिस को फोन आया था वह नंबर ताजपुर रोड पर किसी व्यक्ति के पास चल रहा था। पुलिस ने नंबर का पता लगा उस व्यक्ति को काबू कर लिया है, लेकिन फिलहाल इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात किसी महिला ने दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर कहा कि पंजाब के लुधियाना में समराला चौक स्थित गुरुद्वारे के पास बम रखा गया है। पुलिस ने महिला के बारे में पूछा तो उसने तुरंत फोन काट दिया। दिल्ली पुलिस ने तुरंत लुधियाना पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इस सूचना से लुधियाना पुलिस भी सकते में आ गई। उन्होंने बम निरोधक दस्ते, सबंधित थाने और अन्य थानों की पुलिस सहित कई पीसीआर दस्ते मौके पर सर्च के लिए लगा दिए।
भारी पुलिस फोर्स देख कर एरिया के लोग हैरान रह गए और पुलिस से पूछा लेकिन पुलिस को आला अधिकारियों के कुछ भी न बताने के आदेश थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने गुरुद्वारा साहिब के अंदर-बाहर और आसपास के इलाके में सर्च की, लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस ने दिल्ली पुलिस से फोन नंबर लिया जिससे उन्हें फोन आया था। जांच में पता चला कि नंबर ताजपुर रोड स्थित किसी व्यक्ति का है। पुलिस ने उस व्यक्ति को काबू कर लिया है मगर युवक को काबू करने वाली बात की पुष्टि अभी तक किसी अधिकारी ने नहीं की है। वहीं बम की अफवाह के बाद खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह से सतर्क हो गई हैं।
एडीसीपी 4 सतवीर सिंह अटवाल ने कहा कि महिला ने फोन दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में किया था। दिल्ली पुलिस की तरफ से जिला पुलिस को पता चला था। पुलिस ने वहां जाकर सर्च की थी, लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस ने अभी किसी को काबू नहीं किया है। पुलिस जांच कर रही है कि नंबर किस व्यक्ति का था और फोन किसने किया। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।