डॉ. शाम सुंदर रोड पर एसआईपीएस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से चार लुटेरों ने सात लाख रुपये लूट लिए। आरोपियों ने पहले एजेंट से मारपीट की, फिर उसके हाथ से कैश वाला बैग छीन उसे धक्का देकर भाग गए। आरोपी दो मोटरसाइकिल पर आए थे। इनमें से एक ने हेलमेट पहना था, जबकि बाकी ने मुंह पर रुमाल बांध रखे थे।
वारदात के बाद एजेंट ने सारी घटना की जानकारी कंपनी मैनेजर को दी। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को वारदात स्थल से आगे स्थित कोठी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। उसे कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। थाना प्रभारी राजेश ठाकुर का कहना है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक वारदात सोमवार दोपहर की है। फिरोजगांधी मार्केट में सिक्योर ट्रांसफर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसआईपीएल) कलेक्शन कंपनी है। यह कंपनी एचडीएफसी बैंक के लिए कलेक्शन का काम करती है। आलमगीर का रहने वाला यादविंदर सिंह कंपनी में पिछले आठ साल से कलेक्शन का काम कर रहा है। कंपनी मैनेजर हरविंदर सिंह ने बताया कि सोमवार को यादविंदर ने माल रोड स्थित बैंक क्लाइंट से पेमेंट इकट्ठी की थी।
इसके बाद उसने बाडे़वाल रोड स्थित एचडीएफसी बैंक की ब्रांच में जाना था। उसके बैग में करीब सात लाख रुपये थे। जैसे ही वह बाइक से निक्कामल ज्यूलर मॉल रोड से होते हुए, डॉक्टर शाम सुंदर रोड की तरफ मुड़ा तो आगे पहले से ताक लगाए बैठे लुटेरों उसे धक्का देकर बाइक समेत नीचे गिरा दिया। लुटेरे संख्या में चार थे, जिन्होंने उससे मारपीट कर कैश वाला बैग छीन लिया और बाइक से फरार हो गए।