लुधियाना से बच्चे को अगवा करने का प्रयास
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
लुधियाना शहर में खुड्ड मोहल्ले के पास घर से दूध लेने निकले नौ साल के मासूम का अपहरण हो गया। उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया और मुंह बांधकर बोरी में डाला गया था। अपहरण के बाद बच्चे को ट्रेन से किसी दूसरे शहर तक पहुंचाने के लिए ऑटो में डालकर फिल्लौर स्टेशन लाया गया। यहां पर बच्चे को थोड़ा होश आया और वह बोरी से निकलकर भाग खड़ा हुआ।
इतने में टिकट चेकर धर्मराज व पुलिस कर्मियों की नजर उस पर पड़ी और बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया। बेहोशी की हालत में बच्चे ने मदद मांगते हुए बताया कि उसका नाम प्रदीप (9) है और उसे कुछ लोग अगवा कर अपने साथ ले जा रहे हैं। यह सुनकर टिकट चेकर धर्मराज ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित किया और बच्चे को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।
सूचना पाकर बच्चे के परिजन भी जीआरपी थाने पहुंच गए, जहां पर बच्चे को चाइल्ड लाइन के जरिये उसकी मां तारा मणि के हवाले कर दिया गया। तारा मणि ने बताया कि उसने अपने बेटे को दूध लेने भेजा था। जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। उसके बारे में सूचना मिली तो वह जीआरपी थाने पहुंच गए।