स्थानीय धोबीआणा बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने थाना कैंट पुलिस पर उसको अवैध हिरासत में रख उससे मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
सिविल अस्पताल में इलाज करवा रहे गुरजीत सिंह ने बताया कि वह पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। उसकी मैक्स अस्पताल के एक सीनियर डॉक्टर से अच्छी जान पहचान है। इसके चलते उसने डॉक्टर से बीते माह लगभग 60 हजार रुपये उधार लिए थे।
उसने कुछ दिन पहले ही 40 हजार डॉक्टर को वापस कर दिए थे, लेकिन डॉक्टर कुछ दिन पहले दोबारा 60 की मांग करने लगा। इसके बाद उसने डॉक्टर को सिर्फ बाकी रकम ही वापस करने को कहा, जिस पर डॉक्टर भड़क गया।
उसने थाना कैंट में शिकायत दर्ज करवा दी। पीड़ित ने बताया कि सोमवार रात को थाना कैंट पुलिस ने उसे थाने बुलाया। उसके साथ जमकर मारपीट की। पारिवारिक सदस्यों व अन्य ने थाने पहुंच कर मामले में हस्ताक्षेप करते हुए उसे घर लाए।
गंभीर चोट होने की वजह से उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने बताया कि गुरजीत सिंह को गंभीर चोटें लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं थाना कैंट प्रभारी रोबिन हंस ने अपने पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ एक शिकायत पुलिस के पास आई थी, जिससे बचने के लिए यह आरोप उन पर लगाए जा रहे हैं।