विभिन्न राज्यों से गाड़ियां चोरी करने के बाद उन पर फर्जी नंबर लगाकर आगे बेचने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को बठिंडा पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की चार गाड़ियां बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान रमनदीप सिंह वासी मॉडल टाउन, लखविंद्र सिंह वासी भुच्चो कलां और अमृतपाल वासी तलवंडी साबो बठिंडा के तौर पर हुई है।
एसपी सिटी देसराज ने मंगलवार प्रेसवार्ता कर बताया कि उनको गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त गिरोह से संबंधित यह तीनों आरोपी एक बोलेरो गाड़ी पर सवार होकर मुलतानिया पुल के पास घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके आधार पर नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस ने उक्त गाड़ी की चेकिंग की तो उसमें सवार तीनों लोगों के पास कोई दस्तावेज नहीं थे।
इसके चलते पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह यह गाड़ी हिमाचल प्रदेश से चुराकर लाए थे। एसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर एक अन्य बोलेरो गाड़ी, जैन और आल्टो गाड़ी बरामद की गई है, जो कि चोरी की हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने चारों गाड़ियां हिमाचल प्रदेश से चुराई थीं। उन्होंने इन पर पंजाब का फर्जी नंबर लगा लिया था। वे उक्त सभी गाड़ियों को आगे बेचने की फिराक में थे।
एसपी ने बताया कि आरोपी अमृतपाल पर पहले भी साल 2011 में गाड़ियां चोरी कर फर्जी नंबर के सहारे आगे बेचने के आरोप में मामला दर्ज है। इसमें वह जमानत पर बाहर आया हुआ था।