नानकसर काउंके रोड पर सोमवार को ट्रैक्टर ट्राली की सामने से आ रहे ट्रक के साथ जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 31 लोग घायल हो गए। हताहत होला मोहल्ला में हिस्सा लेने जा रहे थे। हादसे के बाद ट्राली पलट गई। घायलों को जगरांव के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक के गांव पैड़वाल से संगत श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले होला मोहल्ला समारोह में हिस्सा लेने जा रही थी। संगत ने पहले नानकसर कलेरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका। इसके बाद सभी ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर श्री आनंदपुर साहिब की तरफ बढ़े। कुछ ही आगे जाने पर ट्राली की ट्रक के साथ भिड़ंत हो गई। आसपास के लोगों ने जख्मियों को एंबुलेंस 108 के जरिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में एक श्रद्धालु कुलविंदर सिंह की मौत हो गई।
गंभीर जख्मी आठ लोगों को मेडिकल कॉलेज फरीदकोट और लुधियाना अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल में लाए गए जख्मियों में जैता सिंह, संदीप कौर, गुरमीत सिंह, जोगिंदर सिंह, सर्बजीत सिंह और हरप्रीत सिंह को फरीदकोट रेफर किया गया। जख्मी अवतार सिंह, प्रभजोत सिंह को लुधियाना रेफर किया गया। इनके अलावा बिक्रमजीत सिंह, सर्बजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, सर्बजीत सिंह, अमनदीप सिंह, रमनदीप कौर, गुरमीत कौर, परमिंदर कौर, जसवीर कौर, हरजीत सिंह, इकिंदर सिंह, जसबीर कौर, दिलवीर सिंह, गुनमनप्रीत सिंह, कृष्णा मंडल, गुरमीत सिंह, अमनदीप सिंह, मलकीत सिंह, स्वर्ण सिंह, लक्ष्यदीप सिंह, बलवंत सिंह, हरप्रीत सिंह, किरणदीप सिंह का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी हरिंदरपाल सिंह, तहसीलदार बेअंत सिंह एवं थाना सिटी प्रभारी जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।