माइनिंग माफिया का ग्रामीणों पर हमला
गांव भलाण के सरपंच ने शामलाट भूमि पर फिर से अवैध माइनिंग होने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नंगल। उपमंडल के गांव भलाण की शामलाट भूमि पर कथित तौर पर अवैध माईनिंग किए जाने का आरोप सरपंच और ग्रामीणों ने लगाया है। साथ ही आरोप है कि अवैध माइनिंग का विरोध करने पर माफिया ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। वहीं विभाग के अधिकारी और पुलिस ने माइनिंग के आरोप को गलत बताया है।
सरपंच अमनदीप शर्मा उर्फ संजू ने बताया कि सोमवार की देर रात गांव से होकर गुजर रही स्वां नदी स्थित गांव की शामलाट भूमि पर मशीनों की मदद से माईनिंग करने की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही उन्होंने गांव के पंच संजीव कुमार व ब्लाक समिति के पूर्व सदस्य सुरिंद्र सैनी को अन्य गांव वासियों के साथ मौके पर भेजा और उसके अलावा नंगल थाने के प्रभारी, वन विभाग व माईनिंग विभाग को भी इस बारे में फोन पर जानकारी दी। गांव वासियों के वहां पहुंचते ही पहले से तैयार बैठे माइनिंग माफिया ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। गांव वासियों ने भाग कर जान बचाई। हमले में एक गांव वासी की टांग में चोट लगी, जिसे बीबीएमबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने कहा कि अंधेरा होने के कारण किसी की पहचान नही हो सकी।
माइनिंग विभाग के अधिकारी एसडीओ गुरजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि गांव के सरपंच की शिकायत के आधार पर अपनी टीम के साथ स्वां नदी का दौरा किया तो वहां पाया की मशीन तो मौके पर आई थी लेकिन माईनिंग होने से उन्होंने साफ इंकार किया। जब इस बारे में चौकी प्रभारी से एएसआई नरेंद्र सिंह से जानकारी लेन संपर्क किया गया तो उन्होंने ने दो पक्षों में मारपीट होने की बात तो मानी। साथ ही माइनिंग होने से इंकार किया।