फर्जी नंबर से वाहनों का बीमा कराने में दो काबू
आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो कारें, पांच बाइक और तीन एक्टिवा व 71 जाली मोहरें बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। चोरी के वाहनों पर फर्जी नंबर लगा कर जाली इंश्योरेंस करने वाले दो आरोपियों को थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की दो मारुति कारें, चार मोटरसाइकिल, एक बुलेट, तीन एक्टिवा और विभिन्न जिलों की आरटीओ दफ्तर की 71 जाली मोहरें बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान गांव बाजड़ा निवासी प्रेम सिंह और हरि सिंह नगर निवासी रमेश कुमार के रुप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि कुछ दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि डेरा बाजीगर इलाके में रहने वाले कबाड़ी कश्मीर सिंह चोरी के वाहन खरीद करता है। पुलिस ने छापामारी कर चोरी का एक बाइक और तीन मारुति और एक जेन कार के पार्ट्स बरामद किए।
इसके बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी प्रेम सिंह चोरी के वाहन कश्मीर सिंह को बेचता है। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह के घर छापामारी कर चोरी के वाहन बरामद किए। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि कचहरी में काम करने वाला रमेश चोरी के वाहनों की जाली आरसी और इंश्योरेंस तैयार करता है। उसके पास विभिन्न जिलों की अलग अलग तरह की 71 जाली मोहरें रखी हैं। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।