लेडीज सूटों से भरा बोरा लेकर एक्टिवा सवार फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। एक्टिवा सवार दो युवक रिक्शा पर लदा लेडीज सूट से भरा बोरा लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने रिक्शे पर बंधी रस्सी काटकर वारदात को अंजाम दिया। रिक्शे के पीछे आ रहे एक्टिवा सवार मालिक ने आरोपियों को पीछा भी किया। वह फरार होने कामयाब रहे।
थाना कोतवाली पुलिस ने शहीद भगत सिंह नगर के प्रेम विहार निवासी अमृत कुमार की शिकायत पर जालंधर सिटी के तिलक नगर निवासी अजय कुमार और रवि कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुर्टी है। अमृत कुमार की शिकायत के मुताबिक उसका लेडीज सूटों का होलसेल का काम है। उसे ट्रांसपोर्ट नगर में कुछ सूट बोरे में भर कर भेजे थे। वह रिक्शा के पीछे पीछे खुद एक्टिवा पर सवार होकर जा हा था। टायर मार्केट के पास रिक्शा वाले के पीछे आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर आए और रिक्शे की रस्सी काट कर सूटों से भरा एक बोरा लेकर फरार हो गए। अमृत के अनुसार उसने आरोपियों का पीछा काफी दूर तक किया। आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई जगदीश सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।