‘बेटा मेरा नहीं’ के ताने से परेशान पत्नी ने पिया जहर, गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। पति द्वारा पत्नी को पुत्र मेरा न होने का ताना देने और उसकी मारपीट कर बाथरूम में बंद करने से परेशान पत्नी ने हारपिक क्लीनर पी लिया। गंभीर हालत में विवाहिता को रायकोट के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। विवाहिता के बयान पर थाना हठूर की पुलिस ने उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अस्पताल में इलाज करा रही गुरप्रीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि छह साल पहले उसका विवाह गुरजिंदर सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद उनके बेटा पैदा हुआ, लेकिन पति अक्सर कहता था कि यह मेरा नहीं है। इसी बात को लेकर पति अपनी मां से मिल कर उसे परेशान करता एवं मारपीट करता था। बीती 27 जनवरी को भी पति ने मारपीट कर बाथरूम में बंद कर दिया। परेशान पत्नी ने बाथरूम में पड़ी हारपिक पी ली। इसके बाद वह बेहोश हो गई। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।