कांस्टेबल पर हमला कर शराब तस्कर फरार
अदालत में पेश कर प्राइवेट गाड़ी में थाने ले जा रहे थे मुलाजिम
ट्रैफिक में गाड़ी हो गई बंद तो मुलाजिम पर किया आरोपी ने वार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर रिमांड पर लाया जा रहा आरोपी पुलिस मुलाजिम के मुंह पर हमला कर फरार होने में कामयाब हो गया। जब तक मुलाजिम कुछ कर पाते आरोपी निकल चुका था। मुलाजिमों ने इसकी शिकायत अधिकारियों के पास की। इसके बाद थाना डिविजन दो की पुलिस ने रायकोट रोड स्थित मोहल्ला राईजीना निवासी कर्मजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
कांस्टेबल विनोद कुमार की शिकायत के मुताबिक आरोपी कर्मजीत को थाना डिविजन छह की पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में 19 फरवरी को गिरफ्तार किया था। बीस फरवरी की शाम को अदालत में उसे पेश किया गया और एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपी का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया और विनोद कुमार के साथ मुलाजिम अशोक कुमार और मोहम्मद रसीद अपनी प्राइवेट गाड़ी में आरोपी को ले जा रहे थे।
इसी दौरान चीमा चौक में ट्रैफिक जाम था तो उनकी गाड़ी भी बंद पड़ गई। इसी दौरान वह गाड़ी का बोनट खोल कर गाड़ी चेक करने के लिएउ तर गया। इसी दौरान आरोपी ने मुलाजिम अशोक कुमार के मुंह पर मुक्का मार कर बाहर निकल गया और फरार हो गया। जब तक अशोक कुमार कुछ बोलता आरोपी फरार हो चुका था। जांच अधिकारी कांस्टेबल भूपिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी का अभी कुछ पता नहीं चला है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।