शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, केस दर्ज
पीड़िता को झांसे में ले उसके नाम पर ले लिया डेढ़ लाख का लोन
धीरे धीरे करके पीड़िता की तनख्वाह में से भी लिए एक लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। फेसबुक पर युवती के साथ दोस्ती के बाद उसे शादी का झांसा देकर उसके नाम पर लोन लेने के बाद युवक ने दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो खींच कर पीड़िता से पैसे ऐंठता रहा। हिम्मत दिखा युवती ने परिजनों को मामला बताया। पीड़िता की शिकायत पर थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने न्यू कुलदीप नगर निवासी लखविंदर कैंथ के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक 2017 में उसकी फेसबुक पर आरोपी के साथ मुलाकात हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई और कुछ समय बाद आरोपी ने उसे अपने परिवार से मिलवाया। उसके परिवार से भी मिलने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। आरोपी ने कहा कि उसके पिता विदेश में हैं, उनके आने के बाद ही शादी की तारीख तय की जाएगी। आरोपी ने उसके नाम पर डेढ़ लाख रुपये लोन लिया कि उसके पिता विदेश में फंस गए हैं, उन्हें वहां से छुड़वाना है। उसे पैसे चाहिए वह धीरे धीरे कर उसका लोन चुकवा देगा।
करीब डेढ़ लाख रुपये लोन लेने के बाद आरोपी धीरे-धीरे उससे उसकी तनख्वाह से करीब लाख रुपये ले गया। आरोपी उसे एक दिन धार्मिक स्थान पर ले गया। वहां पर आरोपी ने दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील फोटो खींच ली। आरोपी ने उसे धमकियां दी कि वह किसी को कुछ बताएगी तो उसकी फोटो सोशल मीडिया पर डाल देगा। इस सब में आरोपी के घर वालों ने भी साथ दिया।