होजरी व्यापारी रामपुकार शाह को फोन कर बीस लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले तीन लोगों को थाना दरेसी की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह फोन रामपुकार के पुराने नौकर ने ही किया था। उसने इसमें अपने दो साथियों को भी मिला रखा था। आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि अगर बीस लाख रुपये नहीं दिए तो वह उसके बेटे को मार देंगे।
राम पुकार ने इसकी शिकायत पुलिस को की। पुलिस ने टीम बनाई और आरोपियों की बताई जगह पर राम पुकार को पैसे देकर भेजा। जब आरोपी पैसे उठाने के लिए आए तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विश्वकर्मा कालोनी निवासी सुनील कुमार, गांव बाजड़ा निवासी योगेंद्र यादव और बाल सिंह नगर निवासी सन्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसीपी सेंट्रल सतीश मल्होत्रा ने कहा कि राम पुकार की कुलदीप नगर इलाके में जैकेट बनाने की फैक्टरी है। मूल रुप से पश्चिम बंगाल के किशनगंज का रहने वाला आरोपी सुनील कुमार उसके पास काम करता था। उसे राम पुकार के बारे में सब मालूम था कि वह कब और क्या काम करता है। उसने शार्टकट तरीके से पैसे कमाने की सोची। उसने इस काम में अपने साथी योगेंद्र और सन्नी को मिला लिया। दो दिन पहले उसने राम पुकार को फोन कर कहा कि तुम्हारा बाप बोल रहा हू। इस पर राम पुकार ने फोन काट दिया। आरोपी सुनील ने उसी नंबर से मैसेज किया कि दो दिन में उसे बीस लाख रुपये चाहिए। अगर उसने बीस लाख रुपये नहीं दिए तो उसके बेटे की लाश को घर भेज दिया जाएगा।
राम पुकार ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने इस मामले में एक टीम का गठन किया। आरोपियों द्वारा पैसे लेने के लिए बताई गई जगह के आस-पास सिविल वर्दी में मुलाजिम खड़े कर दिए। पुलिस ने राम पुकार को पैसों से भरा बैग देकर रवाना कर दिया। राम पुकार कृपाल नगर इलाके में स्थित गंदे नाले की पुली पर पैसे लेकर पहुंच गया। जब आरोपी पैसे लेने के लिए आए तो पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।