सात हजार की नकदी और अन्य सामान था पर्स में
सराभा नगर पुलिस कर रही है आरोपियों की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बाजार से अपने पीजी वापस जा रही एक युवती का बाइक सवार लुटेरा गिरोह के दो सदस्यों ने फिरोजपुर रोड पर दो दिन पहले पर्स लूट लिया। जब तक युवती कुछ समझ पाती आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में फिरोजपुर रोड स्थित पीजी में रहने वाली श्रुति देवी की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
श्रुति देवी की ओर से पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वह पीजी में रहती है और एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। 12 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाजार से अपने पीजी वापस लौट रही थी। इसी दौरान जब वह पीजी के पास थी तो बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और उसका पर्स छीन कर फरार हो गए। जब तक वह कुछ कर पाती आरोपी फरार हो चुके थे। जांच अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल पर जा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई थी। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।