ठेके पर लुटेरों ने की फायरिंग, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बस्सी पठाना/फतेहगढ़ साहिब। बस्सी पठाना के गांव नौगांवा स्थित शराब के ठेके पर लूट की नीयत से फायरिंग की गई। ठेके के कारिंदों की मुस्तैदी के कारण लुटेरे वहां से भाग गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ठेके के कारिंदों के बयान पर पांच लुटेरों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कारिंदे सुखदेव सिंह पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव पंजाबर जिला ऊना हिमाचल ने बताया कि 18 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह राज ठाकुर पुत्र अमर सिंह निवासी ज्वाला जी कांगड़ा हिमाचल के साथ ठेके का दरवाजा बंद कर कैश गिन रहे थे। इसी दौरान मोरिंडा की तरफ से दो मोटरसाइकिलों पर पांच युवक आए। इनमें तीन युवक सड़क पर ही रुक गए और दो ठेके की ओर आ गए। उन्होंने 250 रुपये देकर शराब मांगी और अहाते से दो गिलास लिए। उन्होंने उनसे ठेके का ताला खोलने के लिए कहा। उनकी हरकतों को भांपते हुए कारिंदों ने शोर मचा दिया तो उन्होंने फायरिंग कर दी और लुटेरे वहां से फरार हो गए।
एसएचओ कुलजीत सिंह का कहना है कि घटना सोमवार रात की है। उन्होंने घटना संबंधी ठेके का दौरा किया था और अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी नवनीत कौर गिल ने बताया कि उक्त लुटेरों ने ठेके के कारिंदों को दरवाजा खोलने के लिए कहा था और ना खोलने पर शराब पीकर उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।