दुकान में घुसकर लूट ले गया 41 हजार
शुक्रवार को हुई वारदात का केस पुलिस ने रविवार को दर्ज किया
सीसीटीवी कैमरे में कैद होने पर आरोपी की हो सकी पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बस्ती जोधेवाल इलाके में प्रिंटर की दुकान में पांच सौ रुपये की छुट्टा लेने के बहाने लुटेरे ने गल्ले में पड़े 41 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया। दुकानदार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपी की पहचान हो सकी। पुलिस ने इस मामले में दुकानदार राजिंदर कुमार की शिकायत पर साहनेवाल निवासी पेंडू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
न्यू आजाद नगर के रहने वाले रजिंदर कुमार ने बताया कि उसकी घर के अंदर ही हनी प्रिंटर के नाम से दुकान है। वह किसी काम से मार्केट गया था। दुकान पर उसका बड़ा बेटा हनी बैठा हुआ था। हनी का कहना है कि एक युवक उसके पास आया और 500 के छुट्टे मांगने लगा। जैसे ही हनी ने गल्ला खोला तो आरोपी युवक ने गल्ले में पड़े 41 हजार रुपये उठा लिए और फरार हो गया। हनी का कहना है कि वह काउंटर से उठ कर शोर मचाते हुए आरोपी युवक के पीछे भागा। आरोपी बाइक पर बैठ कर फरार हो गया।
रजिंदर कुमार का कहना है कि जब उसका बेटा शोर मचाकर आरोपी के पीछे भागा था। तब उनका पड़ोसी दलजीत सिंह भी बाहर आ गया था। उसने भाग रहे युवक को देखा और पहचान लिया। उसने बताया था आरोपी पहले जोधेवाल के इलाके में ही रहता था। अब वह साहनेवाल में रहता है। आरोपी का नाम पेंडू है। रजिंदर कुमार ने बताया कि जब उसकी पत्नी ने फुटेज में आरोपी को देखा तो उसे याद आया कि आरोपी पहले भी उसकी दुकान पर आ चुका है। उसका कहना है कि कुछ दिनों पहले उसकी पत्नी दुकान पर बैठी हुई थी। तब आरोपी दुकान में सामान खरीदने के लिए आया था। उस दिन आरोपी सामान के बहाने रेकी करने आया था। जांच अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान हो गई है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है।