जेल के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक से भागे थे दो भाई
छह महीने के बाद खन्ना पुलिस ने किया था गिरफ्तार
प्रोडक्शन वारंट पर आरोपियों को लुधियाना लाएगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। लूटपाट और चोरी की वारदातों में शामिल रहे खन्ना के रहने वाले हवालाती भाई हरविंदर सिंह और जसबीर सिंह एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक से ही फरार हुए थे। यह ब्लाक जेल सुपरिंटेंडेंट के ऑफिस के काफी नजदीक है। इस बात का खुलासा खन्ना पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में हुआ है। थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।
जेल से फरार होने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों हवालाती हरविंदर और जसबीर मुलाकात करने वाली साइड से भागे हैं। जांच में एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक से कई ऐसे क्लू मिले थे, जोकि साबित कर रहे थे कि दोनों आरोपी इस ब्लाक से होते हुए भागे होंगे। अब जब आरोपी पकड़े गए है तो पूछताछ में यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों आरोपी एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक से होते हुए भागे थे। एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक के कोने में जेल के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम है। वहां से बाहर से रूम के अंदर तक मोटी वायर आती है। उस वायर का इस्तेमाल आरोपियों ने दीवार तक चढ़ने के लिए किया था। इसके अलावा एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी मिली थी। जिसमें आरोपी एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक की तरफ जाते नजर आए थे। वहां से वापस आते नहीं दिखे थे। वहीं आरोपियों का टिफिन भी मिला था। उस टिफिन में दाल और रोटी थी। ब्लाक की दीवार पर वायर के रगड़े जाने के निशान भी मिले थे। सीआईए स्टाफ खन्ना के इंचार्ज बलजिंदर सिंह ने बताया कि तीन नवंबर को आरोपियों को नाकाबंदी दौरान कड़ा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वह जेल की एक दीवार फांद कर फरार हुए थे। दोनों आरोपियों को दोबारा जेल भेज दिया है। थाना डिविजन सात के एसएचओ इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने बताया कि आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट लेने के लिए अदालत को पत्र भेजा गया है। जल्द आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।