गैंगस्टर बाबा के दो साथियों समेत तीन गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से चोरी की कार, तीन पिस्तौल और कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स में शामिल दिलप्रीत सिंह उर्फ बाबा गैंग के दो सदस्यों को कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पनाह देने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। गैंगस्टर बाबा और गिरोह के सरगना हरिंदर सिंह रिंदा पुलिस को अभी वांछित है।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार कट्टी और सांहसी बाबा के काफी करीबी साथी हैं। बाबा गैंगस्टर रिंदा का खास आदमी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्विफ्ट कार, 315 बोर की दो पिस्तौल, एक पिस्तौल 32 बोर की और छह कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार गैंगस्टर होशियारपुर के गांव रामपुर के रहने वाले हनी कुमार, तरनतारन स्थित गुरु का खुह में रहने वाले गैंगस्टर सिकंदर सिंह उर्फ सांहसी और उन्हें पनाह देने वाले मेहरबान स्थित विद्या विहार निवासी मंदीप सिंह उर्फ नगीना को वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस कमिश्नर ढोके ने कहा कि पुलिस को सूचना थी कि गैंगस्टर हनी और सांहसी काफी अच्छे दोस्त हैं और गैंगस्टर बाबा के काफी नजदीकी साथी हैं। वह बाबा का काफी काम खुद संभालते हैं। पुलिस को इनकी काफी समय से तलाश थी। आरोपी हनी की मंदीप के साथ भी दोस्ती थी और वह उसके घर रहने के लिए आता था। वहीं पर सिकंदर भी उनसे मिलने के लिए आता था। पुलिस को सूचना थी कि यह तीनों महानगर में हैं। इसके बाद पुलिस की अलग अलग टीमों ने इन तीनों को गिरफ्तार किया।
गैंगस्टर बाबा का नजदीकी साथी होने के कारण हनी भी वारदात करने में पीछे नहीं था। हनी ने पिछले साल मई में अपने साथियों के साथ मिलकर होशियारपुर में एएसआई के बेटे की निर्मम हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुुलिस काफी समय से उसकी तलाश में थी, लेकिन वह हर बार फरार हो जाता था। इसके अलावा हनी के खिलाफ नशा तस्करी और शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी सिकंदर सिंह पर भी पंजाब के अलग-अलग थानों में नशा तस्करी, शराब तस्करी, लूटपाट और हत्या के प्रयास सहित अन्य मामले दर्ज हैं। वह भी काफी समय से वांछित था। आरोपी नगीना के खिलाफ भी तस्करी के मामले दर्ज हैं।
गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करता था आरोपी हनी
पुलिस कमिश्नर आरएन ढोके ने कहा कि आरोपी ग्वालियर और उत्तरप्रदेश के अलग अलग शहरों से हथियार लाकर उसे लूटपाट करने में इस्तेमाल करते थे। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी हनी ही बाहरी राज्यों से हथियार लाकर गैंगस्टरों को सप्लाई करता था। आरोपी मंदीप को भी हनी ने ही तीस हजार रुपये में पिस्तौल लाकर दी थी जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हनी और नगीना शराब तस्करी का धंधा कर रहे थे। आरोपी हनी शराब तस्करी कर ही अपना खर्चा चला रहा था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके साथियों का पता लगाया जा रहा है।