पीड़ित की हालत गंभीर, जगरांव के नानकसर रोड पर वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
हलवारा (लुधियाना)। जगरांव-नानकसर रोड पर मंगलवार देर रात तीन लोगों ने एफसीआई के एक कर्मचारी को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और 22 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी पीड़ित को अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित गांव काऊंके कलां निवासी सुरजीत सिंह को लोगों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे लुधियाना के निजी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के ब्यान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरजीत सिंह के बेटे हरविंदर सिंह ने बताया कि वह जीजी फिटनेस प्वाइंट पर जिम ट्रेनर हैं। उनके पिता सुरजीत सिंह एफसीआई में कार्यरत है और रोजाना जगरांव से वापस गांव कांउके कला जाते है। मंगलवार को भी सुरजीत सिंह एफसीआई दफ्तर से करीब सवा नौ बजे निकले और नई दाना मंडी होते हुए नानकसर की ओर रवाना हो गए। रास्ते में बनी बाबा मुकंद जी की जगह के पास पड़ती रेलवे लाइनो पर पहले से ही खडे़ तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनपर हमला कर दिया। तेजधार हथियार से बुजुर्ग का एक कान भी कट गया। उन्होंने बुजुर्ग से 22 हजार की नकदी छीन ली और फरार हो गए। थाना सिटी के एएसआई सुखविंद्र सिंह नें बताया कि लूट की सूचना के बाद वह सिविल अस्पताल पहुंचे। बुजुर्ग की हालत काफी गंभीर है और काफी खून भी बह चुका था। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग को लुधियाना रेफर कर दिया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।