हेरोइन के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार
अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
बाहरी राज्यों से लाकर महानगर के अलग-अलग स्थानों पर हेरोइन की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-39 के ग्लाडा पार्क के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। थाना मोती नगर में शिमलापुरी स्थित मोहल्ला मेड कालोनी निवासी मनोज कुमार उर्फ मनु नागपाल और कोट मंगल सिंह के रहने वाले गुरमीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एसटीएफ के लुधियाना इंचार्ज एसआई हरबंस सिंह की अगुवाई में पुलिस ने सेक्टर 39 के ग्लाडा पार्क के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान दोनों एक्टिवा से जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान रुकने का इशारा किया लेकिन आरोपियों ने एक्टिवा रोकने की बजाए पीछे घुमा ली और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों को किसी तरह से काबू किया और हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी मनु की डाबा इलाके में बूट की दुकान है। आरोपी गुरमीत की घुमारमंडी इलाके में मोबाइल रिपेयर की दुकान है। दोनों ही नशा करने के आदी है। नशा पूर्ति के लिए आरोपियों के पास पैसे नहीं होते थे तो आरोपियों ने नशा तस्करी का धंधा शुरू कर दिया।