बोलेरो ने कई वाहनों को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे लोग
लोगों ने चालक को काबू कर पीटा, तोड़े बोलेरो के शीशे
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। टिब्बा रोड के करतार नगर इलाके में वीरवार शाम को एक बोलेरो ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। वह वाहनों को टक्कर मारते हुए लगातार आगे बढ़ता जा रहा था। इस दौरान खुद को बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते रहे। लेकिन कार चालक रुकने को तैयार नहीं था। जब बाइक उसकी कार के नीचे आ गई तब कार रुकी। जिसके बाद लोगों ने कार चालक को बाहर निकाला और उसकी खूब पिटाई की। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना टिब्बा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही गुस्साए लोग बोलेरो के शीशे तोड़ चुके थे। लोगों ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बोलेरो गाड़ी में सवार एक युवक दो बच्चों को लेकर जा रहा था। होली के रंग में रंगे युवक ने पहले तो सत्संग घर के पास एक एक्टिवा को टक्कर मारी। लेकिन एक्टिवा चालक बच गया। एक्टिवा ने गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के चक्कर में युवक ने गाड़ी तेज चलानी शुरू कर दी। इसी दौरान उसने पेट्रोल पंप के पास एक एक्टिवा को टक्कर मार दी। जिस पर एक व्यक्ति अपनी पत्नी और बेटी के साथ सवार था। वह तीनों नीचे गिर गए। इसके बाद कार ने आगे एक ओर दंपति की एक्टिवा को टक्कर मारी। लोगों के लिए आतंक बनी कार कुछ दूरी पर बाइक को टक्कर मारती हुई आगे बढ़ रही थी कि एक और बाइक उसके नीचे आ गया। जिसके कारण कार आगे नहीं जा पाई। लोगों ने युवक को कार में से निकाल कर उसकी पिटाई की और कार के शीशे तोड़ दिए। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। थाना टिब्बा के इंचार्ज इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि इसमें लोगों को मामूली चोटें आई है। शिकायतकर्ता शिकायत करने के बाद अभी तक नहीं आए है। उनके बयान लिखवाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।