सास और मौसी सास से परेशान होकर विवाहिता ने दी जान
पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं के खिलाफ किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
जिले के गांव चट्ठेवाला में एक विवाहिता ने अपनी सास और मौसी सास से परेशान होकर जहर निगलकर खुदकुशी कर ली। जिसके बाद तलवंडी साबो थाना पुलिस ने मृतक विवाहिता सरबजीत कौर के भाई गुरजीत सिंह की शिकायत पर सास जसवीर कौर और मौसी सास सुखवीर कौर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दर्ज करवाए बयानों में मृतक विवाहिता के भाई गुरजीत सिंह ने बताया कि उसकी बहन सरबजीत कौर की कुछ वर्ष पहले ही जगदीप सिंह निवासी चटठेवाला के साथ शादी हुई थी। जिसके बाद उसकी बहन की सास जसवीर कौर व मौसी सास सुखवीर कौर उसकी बहन को दाज दहेज की मांग को लेकर तंग परेशान करने लगी थी। जिन से परेशान होकर उसकी बहन ने 1 मई को जहर निगल खुदकुशी कर ली। थाना तलवंडी साबो पुलिस के एएसआई कृष्ण सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है।