शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हरियाणा से लाकर लुधियाना में करते थे सप्लाई
मुख्य आरोपी की तलाश में छापामारी करने में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हरियाणा के अलग-अलग शहरों से शराब लाकर महानगर के लोगों को महंगे दाम में सप्लाई करने वाले दो शराब तस्करों को थाना शिमलापुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरोड़ा पैलेस के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 420 बोतल शराब और तस्करी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ी बरामद हुई है।
थाना शिमलापुरी की पुलिस ने हैबोवाल स्थित मोहल्ला थापर कालोनी के रहने वाले बादल और बड़ी हैबोवाल स्थित मोहल्ला केहर सिंह नगर निवासी सन्नी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके मेन साथी हैबोवाल के राजेश नगर निवासी मनी सभ्रवाल की तलाश में जुटी हुई है।
थाना शिमलापुरी के एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने अरोड़ा पैलेस के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान आरोपी स्विफ्ट कार में सवार होकर वहां से गुजर रहे थे। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपियों ने कार की रफ्तार तेज कर दी। पुलिस ने आरोपियों को रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने नाकाबंदी तोड़ दी और भागने लगे। पुलिस ने आरोपियों को किसी तरह से काबू कर लिया और उनके कब्जे से शराब बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी हरियाणा के अलग-अलग शहरों से शराब लाकर सप्लाई करते हैं। आरोपियों का साथी मनी सभ्रवाल इनसे शराब मंगवाकर आगे सप्लाई करता था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मनी सभ्रवाल का पता लगाने में जुटी हुई है।