मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी कैबिनेट मंत्री मनप्रीत बादल और विजय इंदर सिंगला के साथ रोपड़ पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इतनी खुशी उन्हें मुख्यमंत्री बनकर भी नहीं हुई जितनी खुशी आज इस पुल का नींव पत्थर रख कर हुई है।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने दावा किया है कि बेअदबी और ड्रग्स मामले को जल्द हल किया जाएगा। रोपड़ में शनिवार को 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बेला-पन्याली पुल का नींव पत्थर रखने के मौके पर चन्नी ने यह बात कही। इस दौरान चन्नी पत्रकारों की तरफ से नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में पूछे सवाल को टाल गए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि बेअदबी मामले संबंधी गुरमीत राम रहीम से पूछताछ करने के लिए एसआईटी जेल में जाएगी जबकि 18 नवंबर को ड्रग्स रिपोर्ट भी खुलेगी। इसके बाद नशा तस्करों के नाम सामने आएंगे। किसी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान सीएम ने अकाली दल और आम आदमी पार्टी पर तीखे हमले किए। शुक्रवार को ही पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने बेअदबी और नशे के मुद्दे पर चन्नी सरकार को घेरा था।
मुख्यमंत्री चन्नी कैबिनेट मंत्री मनप्रीत बादल और विजय इंदर सिंगला के साथ पुल का नींव पत्थर रखने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इतनी खुशी उन्हें मुख्यमंत्री बनकर भी नहीं हुई जितनी खुशी आज इस पुल का नींव पत्थर रख कर हुई है। पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए चन्नी भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि एक या डेढ़ साल में यह पुल पूरा हो जाएगा। 35 करोड़ की लागत के साथ मोरिंडा से श्री चमकौर साहिब और बेला सड़क को चौड़ा करने और सरहिंद नहर पर पुल बनाने का काम भी शुरू हो रहा है। पटियाला के गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब से लेकर फतेहगढ़ साहिब, श्री चमकौर साहिब और अमृतसर साहिब को जोड़ने वाले इस मार्ग को चौड़ा करने का काम शुरू हो रहा है। इस मार्ग का नाम माता गुजरी जी के नाम पर रखा जा रहा है।
इसके बाद आयोजित समागम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग पर पुल बनने के साथ फतेहगढ़ साहिब, रोपड़ और नवांशहर जिलों में तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे और यह इलाका जीटी रोड पर आने के साथ यहां उद्योग भी लगेंगे। चन्नी ने बताया कि 14 नवंबर को थीम पार्क का उद्घाटन किया जा रहा है। इस दौरान चन्नी ने अपने बचपन की कहानी सुनाई तो वह तथा उनका भाई मनोहर सिंह भरे पंडाल में भावुक हो गए।