संगरूर। महिला की मौत के बाद मामले को रफा-दफा करने के एवज में तीन लाख रुपये की रिश्वत लेने वाले संगरूर के एसपी तथा उसके रीडर के खिलाफ थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने रीडर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एसपी फरार है।
इसी साल फरवरी में जिला संगरूर के गांव मांडवी में ससुराल परिवार ने विवाहिता से मारपीट कर उसे आग लगा दी थी। पुलिस ने महिला के बयान पर ससुराल परिवार पर मामला दर्ज किया था। घटना के कुछ दिन बाद ही महिला की मौत हो गई थी। इस मामले में संगरूर के एसपी करणवीर सिंह और उसके रीडर एएसआई दविंदर सिंह ने मामले को रफा-दफा करने के लिए ससुराल परिवार से 3. 5 लाख की मांग की थी। उक्त परिवार ने एसपी व रीडर को 3 लाख रुपये दे दिए थे।
मृतक महिला के परिवार वालों ने मामले की दोबारा जांच करने की अपील की। इसके बाद एसआईटी का गठन हुआ। जांच में पाया गया कि एसपी करणवीर सिंह व उसके रीडर एएसआई दविंदर सिंह ने 3 लाख रुपये की रिश्वत ली है। एसआईटी के सदस्य डीएसपी मूनक बलजिंदर सिंह की शिकायत पर इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से एसपी फरार हो गया है, जबकि उसके रीडर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को संगरूर पुलिस ने रीडर दविंदर सिंह को अदालत में पेश किया।