संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे चंडीगढ़ की तरफ से आई स्कोडा कार सवार अज्ञात लोगों ने थाना कैंट के पास लगे नाके को तोड़कर पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और मौके पर खड़े थाना कैंट के मुलाजिम से उसकी एसएलआर (सेल्फ लोडिंग राइफल) छीनकर फरार हो गए। कार सवार युवक वारदात को अंजाम देने के बाद बठिंडा की तरफ भाग गए। इसके बाद पंजाब पुलिस की सूचना के बाद भागकर दिल्ली पहुंचे तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। वहीं एक ने किया आत्मसमर्पण किया है, जबकि एक फरार है।
घटना के कुछ घंटे बाद सूत्रों के हवाले से पता चला कि दिल्ली की जीआरपी पुलिस ने बब्बू उर्फ हनी, हरमन, झोचा को रेलवे स्टेशन दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी लाला विशाल अभी तक फरार है। इसके अलावा एक आरोपी हरमन गहरी ने पुलिस के आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर स्कोडा को शहर के एक एरिया से बरामद किया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस फरार आरोपी लाला को पकड़ने में जुटी थी और छीना गया हथियार बरामद करने में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार थाना कैंट पुलिस को सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से बठिंडा की तरफ आ रही स्कोडा कार में संदिग्ध लोग बैठे हैं। थाना कैंट पुलिस ने सूचना पर नाकाबंदी की। जब स्कोडा का थाना कैंट के पास लगे नाके पर पहुंची तो कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार रोकने की बजाय नाका तोड़कर पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, इसके बाद कार सवार बदमाशों ने बाहर निकलकर पुलिस कर्मी से उसकी एसएलआर छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद तुरंत मामले की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई। वहीं पुलिस को अलर्ट पर कर दिया गया इसके बाद बठिंडा सिटी के सभी स्थानों की पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर स्कोडा कर की तलाश शुरू कर दी थी।
घटना के बाद तीन आरोपी रेलवे स्टेशन से गाड़ी पकड़ पहुंचे दिल्ली तो पकड़े दिल्ली जीआरपी पुलिस ने
सूत्रों से जानकारी मिली है कि घटना के बाद सभी स्कोडा कार को शहर के एक एरिया में छोड़कर अलग अलग हो गए। पांच आरोपियों में से तीन आरोपी बब्बू उर्फ हनी, झोचा, हरमन बठिंडा रेलवे स्टेशन से गाड़ी पकड़कर दिल्ली पहुंच गए। वहां जीआरपी पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। जांच के दौरान सभी आरोपियों का पता चला तो पुलिस ने सभी आरोपियों के फोटो पंजाब, दिल्ली, हरियाणा पुलिस के पास शेयर किया। जिस के चलते दिल्ली जीआरपी पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।
एक आरोपी ने खुद पुलिस के पास किया आत्मसमर्पण
सूत्रों से पता चला है कि आरोपी हरमन गहरी ने पुलिस के पास खुद आत्मसमर्पण कर दिया है। सूत्रों से पता चला है कि जिस आरोपी ने पुलिस के पास आत्मसमर्पण किया है, उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली है।
एक आरोपी फरार एवं हथियार बरामद होना बाकी
सूत्रों से जानकारी मिली है कि आरोपी विशाल लाल जोकि अभी तक फरार चल रहा है। इसके अलावा पुलिस ने अभी तक छीने हुए हथियार को बरामद नहीं किया है। जोकि पांचों आरोपियों के एक साथ बठिंडा पुलिस के पास एकत्र होने के बाद पता चलने की संभावना है। हालांकि एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना का कहना था कि पुलिस मामले से जुडे़ आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा पुलिस आरोपियों द्वारा छीनी गई एसएलआर एवं वारदात में इस्तेमाल की गई स्कोडा कार को बरामद करने का प्रयास कर रही है।