डिप्टी कमिश्नर के बाद अब शरारती तत्वों ने मेयर रमन गोयल की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगने शुरू कर दिए। इसका खुलासा तब हुआ जब मेयर के किसी नजदीकी से फर्जी फेसबुक आईडी वाले अज्ञात व्यक्ति ने पैसे मांगे। मामला सामने आने पर मेयर रमन ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मेयर रमन गोयल ने बताया कि दो दिन पहले उनके ध्यान में आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम की फर्जी फेसबुक आई डी बनाकर उनके जान पहचान वालों से पैसे मांगे। उन्होंने बताया कि पता चलने पर उन्होंने अपने असली फेसबुक पेज पर पोस्ट कर नकली फेसबुक आईडी वाले से लोगों को सावधान किया।
मेयर ने बताया कि उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर फर्जी आईडी बनाकर उनके नाम पर पैसे मांगने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर नरिंदर कुमार ने कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई करेगी।
इससे कुछ माह पहले किसी अज्ञात व्यक्ति ने डीसी बी श्रीनिवासन की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगे थे। मामला सामने आने पर डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस को शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करवाया था।