लुधियाना। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। महानगर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने अपने हाथ में ले रखी है। इसके साथ ही 16 अगस्त तक पब्लिक डीलिंग बंद की गई है।
पुलिस कमिश्नर की अगुवाई में सोमवार को शहर के विभिन्न जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और कई जगहों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की। बम निरोधक दस्ते, मैटल डिटेक्टर और स्कैनर लगाकर चेकिंग की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में 32 जगहों पर नाकाबंदी की गई है। शहर में आने वाले लोगों कपर नजर रखी जा रही है। जीआरपी, आरपीए और जिला पुलिस की अगुवाई में चेकिंग चलती रहेगी। रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। लोगों से भी अपील की जा रही है कि संदिग्ध गतिविधि होने की सूचना पुलिस को दें।
इसके अलावा पुलिस की तरफ से शहर के प्रमुख बाजारों में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। चौड़ा बाजार, घुमारमंडी के साथ साथ मुख्य बाजारों का भी जायजा लिया गया। पुलिस के साथ डॉग स्कवायड की टीमें भी मौजूद रहीं।