पुलिस ने तीन भाइयों समेत 9 आरोपियों पर दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। लुधियाना में अपना काम खत्म कर वापस घर आ रहे व्यक्ति को रास्ते में घेरकर कुछ लोगों ने हमला कर पेट में गोली मार दी। इससे पीड़ित व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लोगों ने पहले सिधवां बेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन हालत नाजुक होने के कारण लुधियाना डीएमसी अस्पताल में रेफर कर दिया। घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस संबंधी पता चलते ही पुलिस ने तीन भाइयों समेत 9 लोगों पर हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं के तहत थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह, संदीप सिंह, घुग्गी, हरमेश सिंह, कुलदीप सिंह निवासी गांव अक्कू-वाल, गुरा निवासी गोसूवाल महितपुर, सूरज निवासी गोसूवाल महितपुर जालंधर व दो अज्ञात के रूप में हुई है। इस मामले संबंधी जानकारी देते हुए थाना सिधवां बेट के एएसआई सुखविंदर ने बताया कि पीड़ित बलवीर सिंह निवासी तलवाड़ा ने पुलिस को बताया कि वह लुधियाना में काम करता है। आरोपी भी उसके साथ ही काम करते हैं, काम के दौरान उनकी आपस में मामूली बात को लेकर बहसबाजी हो गई थी। इसके बाद वह अपना काम खत्म कर अपने गांव घर जा रहा था तो रास्ते में बाइक सवार आरोपियों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी संदीप ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने के लिए उसके पेट में गोली मार दी जिससे वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने मामले संबंधी पता चलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी संदीप व हरमेश को गिरफ्तार कर लिया जबकि बाकी आरोपी फरार चल रहे हैं, जिन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।