पंजाब के कपूरथला में जिस घर पर कुछ दिन बाद शादी की शहनाइयां बजनी थी उसमें अब मातम छा गया है। क्योंकि घर के बेटे की अमेरिका में मौत हो गई। गुरजीत सिंह की 18 अक्तूबर को शादी थी और वह अमेरिका से पंजाब लौटने वाला था।
पंजाब के युवक की अमेरिका में मौत हुई है। पंजाब के जिला कपूरथला के गांव तलवंडी कूका निवासी गुरजीत सिंह (32) की मौत से घर और गांव में मातम छा गया है। गुरजीत के घर पर उसकी शादी की तैयारियां चल रही थी। गुरजीत की शादी इसी महीने 18 अक्तूबर को होनी थी, लेकिन इससे पहले उसकी मौत हो गई। वह अमेरिका से घर लौटने की तैयारी कर रहा था और अचानक दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
गांव कूका तलवंडी का गुरजीत सिंह पुत्र गुरदेव सिंह छह महीने पहले ही अमेरिका गया था। बेटे की मौत की खबर से घरवालों का रो-रोकर बूरा हाल है। परिवार वालों की तरफ से बेटे के शव को भारत लाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मृतक गुरजीत सिंह के चाचा हरजिंदर सिंह ने बताया कि गुरजीत सिंह अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहता था और छह महीने पहले अमेरिका गया था और अब उसे पंजाब आना था, क्योंकि 18 अक्तूबर को उसकी शादी थी।
जानकारी अनुसार मंगलवार को गुरजीत सिंह अपना सामान पैक कर पंजाब के लिए फ्लाइट पकड़ने की तैयारी कर रहा था। बीते कल वह अपने दोस्त के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया था। जहां उसे अचानक दिल का दौरा पड़ गया। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
हरजिंदर सिंह ने यह भी बताया कि गांव तलवंडी कूका में उसके घर पर गुरजीत की शादी की तैयारियां चल रही थी। वहीं उसकी मौत की खबर से मातम का माहौल है। सभी परिजनों की आंखें नम हैं और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।