पंजाब के कपूरथला की मुख्य सड़क अगले पांच दिन के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गई है। शहर से इंडस्ट्रियल एरिया और गांव औजला मार्ग पर रेलवे फाटक की मरम्मत के चलते यातायात अवरुद्ध कर दिया गया है।
मंगलवार सुबह से इस रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेक की रिपेयर का काम शुरू हो गया है, जिसके चलते अगले 5 दिन ले लिए फाटक को बंद कर दिया गया है। रेलवे विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) सुनील कुमार बताया कि यहां रेल लाइन के नीचे लगभग 20 स्लीपर बदलने का कार्य शुरू किया गया है। हालांकि इस रेलवे फाटक को बंद रहने का एक नोटिस जारी किया गया है, जिसके बाद ट्रैफिक डाइवर्शन की जानकारी भी दी गई है।
जानकारी के अनुसार फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत आते कपूरथला स्टेशन से जालंधर की तरफ जाने वाली रेल लाइनों की मरम्मत के लिए औजला फाटक पर काम शुरू हो गया है। इसके चलते 10 से 14 सितंबर तक फाटक बंद रहेगा। जहां रेलवे पुलिस की टीम भी तैनात की गई है। इस मार्ग पर ट्रैफिक नकोदर फाटक और औजला फाटक से पहले एक फाटक से होकर दूसरी तरफ डायवर्ट किया गया है।
रेल विभाग के एसएसई सुनील कुमार ने बताया कि विभाग के आदेश और डीसी कपूरथला से मंजूरी लेने के बाद काम शुरू किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि 5 दिन से पहले ही काम खत्म कर फाटक को खोल दिया जाएगा।