पठानकोट। पठानकोट जालंधर नेशनल हाईवे पर तलवाड़ा जट्टां के पास एक मोटरसाइकिल सवार को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल पर पति के पीछे बैठी महिला सड़क पर जा गिरी और पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने महिला को कुचल दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में महिला का पति और छोटी बच्ची बाल-बाल बच गए। जांच अधिकारी एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि गुलाब सिंह पुत्र काला निवासी छन्नी-बेली (हिमाचल) और उसकी एक छोटी बच्ची व पत्नी कोमल जिला गुरदासपुर के गांव हरचोवाल की ओर जा रहे थे। जैसे ही गांव तलवाड़ा जट्टां के पास पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
इससे गुलाब सिंह और उसकी बेटी एक साइड में गिरे और उसकी पत्नी सड़क के बीच गिर पड़ी। इस दौरान एक अन्य अज्ञात वाहन महिला के ऊपर से ही निकल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पठानकोट के सिविल अस्पताल भेज दिया है।