कपूरथला। 10 दिन से ड्रग्स के इनपुट पर दिन-रात काम कर रही जिला पुलिस ने वरना कार सवार दो युवकों को काबू कर एक किलो हेरोइन, दो पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए हैं। इन तस्करों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम में शामिल ढिलवां पुलिस के एक एएसआई ने फुुर्ती दिखाते हुए इन्हें दबोच लिया। इस दौरान एएसआई मामूली जख्मी भी हो गया। थाना कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस लाइन के कांफ्रेंस हाल में मीडिया से मुखातिब एसएसपी राजबचन सिंह संधू ने बताया कि डीएसपी-डी अमृत सरूप डोगरा और सीआईए इंचार्ज जरनैल सिंह पर आधारित टीम वीरवार को देर रात सुभानपुर रोड टी-प्वाइंट माडर्न जेल रोड पर मौजूद थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि वरना कार में रणजीत सिंह उर्फ बबलू और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी मोहब्बत नगर अमृतसर से हेरोइन लाकर कपूरथला में बेचने का धंधा करते हैं। वह अमृतसर से हेरोइन की खेप ला रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद जेल रोड की तरफ से आती हुई वरना कार दिखी, जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो कार सवारों ने भागने की कोशिश की। जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद काबू कर लिया। इस दौरान टीम में शामिल एएसआई सरवन सिंह मामूली जख्मी हो गए। गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और रणजीत सिंह उर्फ बबलू दोनों पड़ोसी हैं। इनकी तलाशी लेने पर इनसे 50-50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 900 ग्राम हेरोइन और दो पिस्तौल व 10 कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपी गुरप्रीत सिंह का साला हिमांशु, जो इस समय विदेश में है, के जरिये ही नशे का धंधा चल रहा है। उसे भी इस मामले में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। जिससे इन ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। उन्होंने दावा कि पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।