संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब जालंधर के सतनाम नगर में लगे बिजली के हाई वोल्टेज झटकों से पूरा मोहल्ला सहम गया। आफत बनकर आई बिजली ने सिर्फ उपकरण ही नहीं जलाए, बल्कि लोगों को भी करंट लगा। इससे एक व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लोगों ने कहा कि घरों में दीवारों में करंट दौड़ रहा था और जिस तरह से उपकरण जल रहे थे ऐसा लग रहा था कहीं पूरा घर ही न जल जाए।
घरों में करंट आने का कारण ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन है जिसकी वजह से करंट आया। वार्ड 16 के पार्षद मनमोहन सिंह और दीना नाथ प्रधान ने बताया कि हैप्पी (23) छत पर कपड़े सुखाने गया था और 10 फुट ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन तारों की चपेट में आ गया। हैप्पी की कुछ समय पहले शादी हुई थी और उसका 7 माह का एक बेटा भी है। घरों में करंट आने से बिजली मीटर, एलसीडी, फ्रिज, पंखा, बिजली की तारें जल गईं। घटना के बाद लोगों में रोष है क्योंकि कुछ माह पहले भी हाइटेंशन तारों में फंसी पतंग की डोर पकड़ते समय 8 साल का बच्चा झुलस गया था और उसकी मौत हो गई थी। अब हैप्पी भी 70 फीसदी झुलस गया है। लोगों ने बिजली विभाग और निगम को शिकायत दी है कि हाइटेंशन तारों को जल्द हटाया जाए क्योंकि ये घरों से सिर्फ 8 से 10 फुट ऊपर से ही गुजर रही हैं। यदि ये हटाई नहीं गईं तो हादसे होते रहेंगे।