पठानकोट। चक्की दरिया में मोहल्ला वासियों के साथ रविवार शाम भगवान गणपति की मूर्ति विसर्जन करने गया प्रीतनगर निवासी युवक डूब गया। एक अन्य युवक ने किसी तरह अपनी जान बचा ली। डूबे युवक के भाई को घटना का पता चला तो उसने दरिया में छलांग लगा दी। जिससे उसका सिर चट्टान से टकरा गया और वह बुरी तरह घायल हो गया। लापता युवक की पहचान प्रीतनगर निवासी रवि के तौर पर की गई है।
थाना डमटाल की पुलिस मामले की जांच कर रही है। एनडीआरएफ की टीम दरिया में युवक की तलाश में जुटी है। दोपहर बाद तक रवि का कुछ पता नहीं चल सका। रवि के भाई कमल ने बताया कि रवि कपड़े बेचने का काम करता है। उन्होंने बताया कि बसंत कालोनी से 15-20 लोग भगवान गणपति की मूर्ति लेकर पुल पार चक्की दरिया में विर्सजित करने गए थे। उन्होंने बताया कि भगवान गणेश की मूर्ति विर्सजित करने के बाद रवि कुमार और विनोद कुमार चक्की दरिया में नहाने लगे। चक्की दरिया में रवि कुमार अचानक पानी के नीचे चला गया और बाहर नहीं आया। विनोद कुमार चक्की दरिया में पानी के तेज बहाव में बहने लगा। उसने बड़ी मुश्किल से तैरकर अपनी जान बचाई। रवि के भाई कमल को इस बात का पता चला तो वह वहां पहुंचा और दरिया में छलांग लगा दी। इससे उसका सिर चट्टान से टकरा गया। कमल भी बुरी तरह घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर डमटाल पुलिस पहुंची। डमटाल पुलिस ने मौके पर एनडीआरएफ टीम को बुलाकर चक्की दरिया में डूबे युवक को ढूंढ़ने के लिए लगाया, लेकिन दोपहर बाद तक रवि कुमार का पता नहीं चल सका।
थाना डमटाल के एसएचओ एसआई रमेश बैंस ने बताया कि रविवार देर शाम हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद आठ बजे तक पुलिस युवक को ढूंढती रही और अब आज सुबह एनडीआरएफ की गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया है और वह लोग उसे ढूंढने में लगे हैं।
फोटो:-1-युवक को ढूंढने की कोशिश करते एनडीआरएफ के जवान।