फरीदकोट के सादिक कस्बे में शादी से एक दिन पहले ही दूल्हा भाग गया। इस मामले में लड़की पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी। हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया।
जानकारी के अनुसार सादिक में एक परिवार के घर में लड़की की गुरुवार को शादी थी। घर में खुशी का माहौल था और सभी रिश्तेदार भी आ चुके थे। बुधवार को लड़की के पारिवारिक सदस्य शगुन डालने के लिए जिले के एक गांव के रहने वाले लड़के के घर पहुंचे तो पता चला कि लड़का घर से भाग गया है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा का राजनैतिक इतिहास: गंभीर आरोप लगने भर से चली जाती थी कुर्सी, फिर अपवाद क्यों बन रहे संदीप सिंह
शगुन में देने के लिए लाए थे डेढ़ लाख की बाइक
परिवार शगुन के तौर पर लड़के को देने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मोटरसाइकिल भी अपने साथ लेकर गए थे, लेकिन जब उन्हें लड़के के भागने के बारे में पता चला तो उनके पांव तले से जमीन खिसक गई।
लड़की के परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि लड़के के किसी लड़की के साथ प्रेम संबंध थे और वह शादी के लिए राजी नहीं था। उसके परिवार ने उन्हें धोखे में रखा और लड़की की जिंदगी बर्बाद करने की कोशिश की है। शिकायत के बाद थाना सादिक प्रभारी इंस्पेक्टर मुख्तयार सिंह ने दोनों पक्षों को तलब किया और लंबी बातचीत के बाद उनका समझौता करवा दिया।