संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। उज्ज दरिया मकोड़ा पतन में तेज बारिश के बाद पानी भरने के कारण अस्थायी पुल डाला गया था। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद लक्कड़ का अस्थायी पुल पानी के तेज-बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है।
इस पुल के माध्यम से यहां दरिया पार बसे करीब 7 गांव के लोगों को जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ रहा है। हर समय यहां दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। हालांकि संबंधित लोक निर्माण विभाग की ओर से पानी के तेज-बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हुए पल के हिस्से को ठीक करवाया जा रहा है। बता दें कि यहां दरिया के पार विधानसभा हलका भोआ के गांव लसियान के लोगों की ओर से पिछले लंबे समय से पक्के पुल की मांग की जा रही है। यहां केंद्र सरकार की ओर से पक्के पुल के निर्माण की मंजूरी भी दे दी गई है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं। फिलहाल यहां पक्के पुल का काम शुरू नहीं हुआ है।
गवर्नर पंजाब बनवारी लाल पुरोहित की ओर से इसी गांव में बुधवार को कार्यक्रम भी किया जाना था। हालांकि बॉर्डर के जिलों का गवर्नर का कार्यक्रम रद्द हो चुका है। पानी के तेज बहाव की वजह से पुल का कुछ एप्रोच खराब हुई थी, विभाग की ओर से इसकी मरम्मत करवाई जा रही है। गांव निवासी लवप्रीत सिंह, विक्रम सिंह, जॉगर सिंह, कुलविंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को हुई बारिश के बाद यहां दरिया में पानी बढ़ गया था। इस कारण तेज बहाव होने की वजह से पुल का एक हिस्सा (अप्रोच) क्षतिग्रस्त हो गया जिस पर यहां से गुजरने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
फोटो : 02 अस्थायी पुल से गुजरते लोग।