पठानकोट। शहर के मोहल्ला सराईं, गली राम सिंह में नशे के आदी युवक ने अपनी मां की कैंची से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। महिला की मौके पर मौत होने के बाद युवक ने भागने के प्रयास में छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे लोहे के एंगल पर गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। आरोपी की गंभीर हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल से अमृतसर रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतका की पहचान कैलाश रानी (63) के तौर पर हुई है। पुलिस ने महिला के भतीजे की शिकायत पर आरोपी 25 वर्षीय साहिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतका के भतीजे राहुल ने बताया कि वे संयुक्त परिवार में रहते हैं। ताया राममूर्ति की 10 साल पहले ही मौत हो चुकी है। साथ वाले कमरे में उसकी ताई कैलाश रानी अपने बेटे साहिल के साथ रहती थी। साहिल नशे की पूर्ति के लिए मां से पैसों की मांग करता था और न देने पर पिटाई भी कर देता था। शुक्रवार सुबह तड़के 3 बजे के करीब उसे कुछ आवाजें सुनाई दीं। उसने बालकोनी में देखा तो साहिल के खून से सने हाथों में कैंची थी और ताई फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी। कैंची के करीब 10 वार किए जाने से ताई की मौत हो चुकी थी। राहुल ने बताया कि उसके देखते ही देखते साहिल ने छत से छलांग लगा दी। साहिब जमीन पर गिरने की बजाए आर्मी एरिया की बाउंड्री की फेंसिंग पर लगे एंगल पर गिरा। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि साहिल जब छत से फेंसिंग पर गिरकर घायल हुआ तो उसके हाथ में कांच का टुकड़ा आया, जिससे उसने अपने पेट पर वार करने शुरू कर दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने उसके हाथ से कांच छीना और पुलिस को सूचित कर उसे सिविल अस्पताल लाया गया। साहिल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अमृतसर मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया।
5 बेटियों के बाद मृतका ने भाई के बेटे को लिया था गोद
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका का कोई बेटा नहीं था। उसकी 5 बेटियां थीं। उसने अपने भाई से मांग कर साहिल को गोद लेकर बचपन से पाला था। वह कैलाश रानी को मां ही कहता था। वहीं, गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लाए आरोपी ने माना कि वह 2-3 साल से मां को तंग कर रहा था। वह नशे के लिए पैसे नहीं देती थी, इसलिए कैंची से वार कर उसे मार दिया।
आरोपी की हालत भी गंभीर : डॉक्टर
सिविल अस्पताल में आरोपी साहिल का इलाज करने वाले डॉ. विक्रांत ने बताया कि आरोपी ने अपने पेट पर भी कोई तेजधार चीज से गहरा कट लगाया था। उसकी हालत अभी गंभीर है। अमृतसर रेफर किया गया है। वहीं, थाना 1 की एडिशनल एसएचओ अमनदीप कौर ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
फोटो:-2 घायल साहिल को सिविल अस्पताल पठानकोट से अमृतसर रेफर कर दिया गया।