पंजाब भर में खेड़ां वतन पंजाब दियां के शुभारंभ को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत जालंधर में होंगे, जालंधर पुलिस उनके लिए सुरक्षा घेरा तैयार करने में जुटी है। वहीं पुलिस की नाक के नीचे संविधान चौक (बीएमसी चौक) में लगी पूर्व सीएम स्व. बेअंत सिंह की प्रतिमा पर शरारती तत्वों ने अलगाववादी नारे लिख दिए। जब शिवसेना और कांग्रेस के नेताओं को इसकी भनक लगी तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में इकट्ठे हुए नेताओं ने अलगाववादी नारे लिखे जाने के विरोध में सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने प्रतिमा को साफ करने के बजाय उस पर कालिख पोत दी। कांग्रेसियों ने सरकार की सुरक्षा-व्यवस्था को सिर्फ दिखावटी बताया। इसके अलावा शरारती तत्वों ने चौक में लगे मुख्यमंत्री मान के पोस्टर पर भी स्लोगन लिखे।
गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह की सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा के दौरान डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह और पुलिस कमिश्नर गुरशरण सिंह संधू मौजूद थे। जिन्होंने डीसीपी, एसीपी और थानेदारों के साथ सुरक्षा संबंधी और शेष कार्यक्रमों के बारे में भी चर्चा की पुलिस अधिकारियों को अग्रिम सुरक्षा लाइनर (एएसएल) और अन्य सभी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इन खेल प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21 के अलावा 21-40, 41-50 और 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। डीसी ने कहा कि रूड़का कलां, आदमपुर, मेहतपुर, फिल्लौर, भोगपुर, लोहियां, नकोदर, जालंधर पूर्व, शाहकोट, जालंधर पश्चिम और नूरमहल में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 से 7 सितंबर तक ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं होनी हैं, जिसमें वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो व रस्साकशी प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 12 से 22 सितंबर तक होने वाले जिला स्तरीय टूर्नामेंट में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, रोलर स्केटिंग, गतका, किक बॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावर लिफ्टिंग, लॉन टेनिस, कुश्ती, तैराकी, मुक्केबाजी, टेबल टेनिस और वेट लिफ्टिंग के मुकाबले होंगे। इसी तरह 10 से 21 अक्तूबर तक होने वाले राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में सभी जिला स्तरीय खेल के अलावा किक बॉक्सिंग, तीरंदाजी, निशानेबाजी, शतरंज, रोइंग, जिम्नास्टिक, तलवारबाजी और पावर लिफ्टिंग शामिल हैं।