सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सूबे के जल व पर्यावरण संरक्षण के लिए लोक लहर बचाने का आह्वान किया है। कस्बा शाहकोट के गांव सीचेवाल में संत अवतार सिंह जी की 34वीं बरसी मौके पर आयोजित समारोह में श्रद्धांजलि भेंट करने पहुंचे सीएम ने सूबे के गिरते भूजल स्तर और प्रदूषित पर्यावरण पर गहन चिंता प्रकट की।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब के एकमात्र दुर्लभ और बहुमूल्य प्राकृतिक स्रोत जल को बचाने और पर्यावरण के प्रदूषण की रोकथाम के लिए तत्काल अनिवार्य कदम उठाने की नितांत आवश्यकता है। भगवंत मान ने कहा कि अकेली सरकार यह काम नहीं कर सकती, बल्कि लोगों की हिस्सेदारी भी लाजमी है, जिससे खासतौर पर ग्लोबल वार्मिंग के मद्देनजर इस स्रोत की अहमियत के बारे में अवगत करवाने के लिए व्यापक लोक लहर बनाई जाए। जल के तेजी से घटते स्तर के कारण पैदा हो रही स्थिति की गंभीरता पर चिंता प्रकट करते मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां तक भूजल स्तर का संबंध है, सूबे के लगभग सभी ब्लाक ‘डार्क जोन’ में हैं।
अरब देशों में तेल निकालने वाली मोटरों से पंजाब में निकाला जा रहा पानी
सीएम मान ने कहा कि यह जानकर बेहद दुख हुआ है कि दुबई और अन्य अरब मुल्कों में तेल निकालने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मोटरों को अब पंजाब में धरती के नीचे से पानी निकालने के लिए प्रयोग में लाया जा रहा है। इस लापरवाही वाले रुझान को तत्काल रोकने की जरूरत है जिससे हमारी आने वाली नसलें पानी के लिए तरसने के लिए मजबूर न हों।
पर्यावरण पक्ष से दोआबा को बनाएंगे रोल मॉडल
संत सीचेवाल ने बताया कि चिट्टी बेईं में 300 क्यूसिक पानी बिस्त-दोआब नहर में से गांव सिंबली से छोड़ा जा सकता है। इसी तरह अलावलपुर के पास से 100 क्यूसिक और जालंधर शहर में काला संघिया से ड्रेन में नहर का 10 क्यूसिक पानी छोड़ा जा सकता है। मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान ने मौके पर ही अधिकारियों को हिदायत की कि संत सीचेवाल की तरफ से दिए गए सुझाव पर अमल किया जाए।
‘पवन गुरु पानी पिता, माता धरत महत’ का जिक्र करते मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे महान गुरुओं ने हवा को गुरु, पानी को पिता और धरती को मां का दर्जा दिया है। हमने इन तीनों को ही प्रदूषित करके अपने गुरुओं को धोखा दिया है। भगवंत मान ने कहा कि अब समय आ गया कि सूबे की पुरातन शान को बहाल करने के लिए हम गुरबानी की शिक्षाओं को लाजमी तौर पर अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि संत सीचेवाल हमारे लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। भगवंत मान ने संत सीचेवाल को इस मिशनरी भावना से महान कार्य को जारी रखने की अपील की। इससे पहले सीएम ने निर्मल कुटिया में पौधा भी रोपा।
मंच संचालन की भूमिका संत सुखजीत सिंह सीचेवाल की तरफ से बखूबी निभाई गई। इससे पहले संत अवतार सिंह यादगारी स्कूल के बच्चे और कीर्तनी जत्थों की तरफ कीर्तन करके संगत को निहाल किया गया।
इस मौके पर पूर्व जत्थेदार गुरबचन सिंह, संत जगजीत सिंह लोपों, संत लीडर सिंह, संत अमरीक सिंह, संत गुरमेज सिंह, संत गुरचरण सिंह पाडवां, संत बलबीर सिंह रब, संत महात्मा मुनि, संत सुखजीत सिंह लोहियां, संत हरविंदर सिंह सीचेवाल, संत जीत सिंह नौली, संत हरजीत सिंह कपूरथला, सुल्तानपुर लोधी के विधायक राणा इंद्रप्रताप सिंह, शाहकोट से हलका विधायक लाडी शेरोवालिया, आप नेता सज्जन सिंह चीमा, आप से रतन सिंह काकड़ कलां, सीएम के प्रमुख सचिव ए. वेनू प्रसाद, डीसी जालंधर घनश्याम थोरी, डीआईजी एस भूपति, एसएसपी स्वप्न शर्मा, विधायक बलकार सिंह, विधायक रमन अरोड़ा, विधायक शीतल अंगुराल, पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान, महिला विंग की प्रधान राजविंदर कौर थियाड़ा, आप नेता कपूरथला परविंदर सिंह ढोट, दिनेश ढल्ल व अन्य उपस्थित थे।