जालंधर। कबड्डी में अरबों रुपये पर नजर गड़ाकर बैठे सनावर ढिल्लो ने खेल में अपने पैर मजबूत करने की नीयत से संदीप नंगल अंबिया को मरवा दिया। सारी कहानी कबड्डी के खेल में पैसे की है, जिस पर इन दिनों जग्गू भगवानपुरिया का वर्चस्व चल रहा था। सनावर का कबड्डी के खेल में अपना क्लब मजबूत तभी हो सकता था, जब जग्गू की मेजर कबड्डी लीग कमजोर हो जाए।
संदीप नंगल अंबिया जग्गू भगवानपुरिया के निकट था और उसकी मेजर कबड्डी लीग को आसमान की बुलंदियों पर ले जा रहा था। सनावर ढिल्लों ने भारत में खंगाला तो पता चला कि दविंदर बंबीहा गुट जग्गू भगवानपुरिया को टक्कर दे सकता है। बंबीहा ग्रुप के फतेह और कौशल चौधरी का चयन किया गया ताकि वह जग्गू के निकटवर्ती संदीप नंगल अंबिया को मौत के घाट उतार दे। जिससे जग्गू की मेजर कबड्डी लीग में खौफ पैदा हो जाए और उसके साथ खेलने से तमाम खिलाड़ी मना करने लगें तो निश्चित तौर पर सनावर ढिल्लों उन खिलाड़ियों कोे अपने क्लब में खेलने के लिए बुलाएगा। एसएसपी सतिंदर सिंह का कहना है कि कबड्डी में सनावर ढिल्लों का मकसद गैंगस्टर फतेह और अन्य के साथ मिलकर पैसा कमाना ही था और संदीप नंगल अंबिया उसमें रोड़ा था।